रमजान पर 150 भारतीय मछुआरों को पाकिस्तान ने छोड़ा

0
317

thपाकिस्तान ने गुरुवार अपने यहां की जेलों में बंद 150 भारतीय मछुआरों को सद्भावना दिखाते हुए रिहा कर दिया। पाकिस्तान की सरकार ने यह कदम ऐसे समय उठाया है, जबकि कुछ दिन पहले दोनों देशों के बीच वाक्युद्ध के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ को फोन करके उन्हें रमजान की बधाई दी थी।

पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने रमजान शुरू होने से पहले सद्भावना के तौर पर लांधी और मलिर जेल से 150 भारतीय मछुआरों को रिहा किया है। भारतीय मछुआरे शाम को कराची के छावनी स्टेशन से काराकोरम एक्सप्रेस में लाहौर के लिए रवाना हो गए और उन्हें वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
ईधी वेलफेयर फाउंडेशन के एक अधिकारी रजा काजिम ने कहा कि उनके कुछ कार्यकर्ता मछुआरों के साथ लाहौर तक जाएंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उन्हें कोई परेशानी न हो।