कोरोनावायरस: इलाज के लिए फौज के साढ़े 8 हजार डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ तैयार

0
591

बीते तीन दिनों में सैन्य विमानों ने देश भर में करीब 25 टन चिकित्सा आपूर्ति की है

कोविड-19 के मरीजों का इलाज करने के लिए सशस्त्र बलों के 9,000 बेड वाले अस्पताल भी तैयार 

सेना विभिन्न संगठनों को पहले ही 1.5 लाख लीटर सैनिटाइजर मुहैया करा चुकी है

नई दिल्ली: कोविड-19 के मरीजों का इलाज करने के लिए अब भारतीय फौज  सशस्त्र है। इन मरीजों के लिए  9,000 बेड वाले आर्मी अस्पताल तैयार हैं। इसके साथ ही 8,500 डॉक्टर और सपोर्ट स्टाफ को किसी भी वक्त आम नागरिकों की सेवे के लिए तैयार रहने को कहा गया है। नौसेना अध्यक्ष करमबीर सिंह ने कहा कि नागरिक प्रशासन की सहायता करने के लिए युद्धपोतों को स्टैंडबाय पर रखा गया है। वहीं वायुसेना ने अपना सहयोग देते हुए दिल्ली, सूरत और चंडीगढ़ से मणिपुर, नगालैंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख तक लगभग 25 टन आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति की है।
सेना विभिन्न संगठनों को पहले ही 1.5 लाख लीटर सैनिटाइजर मुहैया करा चुकी है। इसके अलावा रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) भी नैनो तकनीक के जरिए पांच परतों वाले एन-99 फेस मास्क और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) का युद्धस्तर पर निर्माण कर रहा है। 
राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को  सेना, नौसेना और भारतीय वायुसेना के साथ-साथ डीआरडीओ, रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों और आयुध निर्माण बोर्ड द्वारा निकासी, चिकित्सा देखभाल, क्वारंटाइन सुविधाओं और चिकित्सा उपकरणों के उत्पादन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी से कहा कि वह अपने कार्यों को दोगुना कर दें और कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई के राष्ट्रीय प्रयास में अन्य मंत्रालयों के साथ मिलकर काम करें।

डीआरडीओ अध्यक्ष डॉक्टर जी सतीश रेड्डी ने कहा कि उनके संगठन ने पहले ही 10,000 एन-99 मास्क बना लिए हैं और जल्द ही उनका दैनिक उत्पादन 20,000 तक बढ़ा दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘डीआरडीओ ने दिल्ली पुलिस को 40,000 अन्य फेस मास्क उपलब्ध कराए हैं। डीआरडीओ की एक प्रयोगशाला रोजाना 20,000 पीपीई बनाने की भी व्यवस्था कर रही है। हम वेंटिलेटर में मामूली संशोधन करने की कोशिशों में लगे हुए हैं ताकि एक मशीन एक ही समय में चार रोगियों के काम आ सके।’ 
इटली, ईरान और मलेशिया जैसे देशों से निकाले गए 1,000 से अधिक लोगों को जैसलमेर, जोधपुर, चेन्नई, मानेसर, हिंडन और मुंबई में स्थित सैन्य स्थल में एकांतवास में रखा गया है। इन सभी की क्वारंटाइन (एकांतवास) अवधि सात अप्रैल को खत्म हो जाएगी। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here