सिर्फ राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय राजमार्ग पर चक्का जाम करेंगे किसान, UP में भी प्रदर्शन नहीं करने का फैसला

0
985

New Delhi: कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसान शनिवार 6 जनवरी को देशभर में चक्काजाम करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने बताया कि शनिवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक ये चक्काजाम होगा। इस दौरान लोग इन सड़कों से सफर करने से बचें।

हालांकि, भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हम यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली में रोड जाम नहीं करेंगे। यहां के जिलों में अधिकारियों को केवल ज्ञापन सौंपा जाएगा। टिकैत ने कहा कि हमारे पास इस बात के सबूत हैं कि कुछ लोग यहां हिंसा फैला सकते हैं।

नए कृषि कानूनों के खिलाफ करीब ढाई माह से जारी आंदोलन के बीच कल किसान देश भर में चक्का जाम करेंगे। वहीं, किसी अनहोनी से बचने के लिए प्रशासन भी तैयारी में जुटा हुआ है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि जो लोग यहां नहीं आ पाए वो अपने-अपने जगहों पर कल चक्का जाम शांतिपूर्ण तरीके से करेंगे। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि कल यानी 6 फरवरी सिर्फ 2 राज्यों में चक्का जाम नहीं होगा। ये 2 राज्य हैं- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड। इन 2 राज्यों और दिल्ली को छोड़कर पूरे देश में चक्का जाम होगा।

किसान नेता राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम करने की घोषणा कर चुके हैं। वहीं इस पर दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चक्का जाम को लेकर हमसे किसी भी किसान नेता ने संपर्क नहीं किया है, लेकिन दिल्ली, यूपी और हरियाणा पुलिस इसको लेकर काफी गंभीर है। दरअसल शनिवार होने के कारण हाईवे पर अच्छी खासी वाहनों की भीड़ होती है।

26 जनवरी की हिंसा से काफी लोग आंदोलन को लेकर गुस्सा भी हैं। ऐसे में पुलिस बेहद सतर्कता बरत रही है। दिल्ली पुलिस के पीआरओ ने कहा कि पूरे देश में कल किसानों का तीन घंटे का चक्का जाम होने वाला है, उसके मद्देनज़र हमने दिल्ली की सभी बॉर्डर पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है। हालांकि किसानों ने कहा कि वे दिल्ली में ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं लेकिन 26 जनवरी को जो हुआ उसके मद्देनज़र हमने ऐसा किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here