ग्रीन एंड क्लीन ने पुष्प वर्षा कर पुलिस वालों को किया सलाम

0
721

मोतिहारी में ग्रीन एंड क्लीन के संस्थापक अध्यक्ष व नगर पार्षद अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में रविवार की सुबह 30 सदस्य शहर के गांधी चैक पर एकत्रित हुए। यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे।
ओम वर्मा/मोतिहारी

वैश्विक महामारी कोरोना से लड़ाई में पुलिसकर्मी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। वे अपनी जान की परवाह किए बिना आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। ऐसे ही पुलिस वालों को सामाजिक संस्था ग्रीन एंड क्लीन ने फूलों की माला पहनाई, अंगवस्त्र दिया और पुष्पवर्षा कर सम्मानित किया। साथ ही हैंड सेनेटाइज कराया और मास्क भी बांटे।
ग्रीन एंड क्लीन के संस्थापक अध्यक्ष व नगर पार्षद अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में रविवार की सुबह 30 सदस्य शहर के गांधी चैक पर एकत्रित हुए। यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे।

नगर थाना अध्यक्ष अभय कुमार अपनी टीम का नेतृत्व कर रहे थे। संस्था के सदस्य सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पहले लाइन में खड़े हुए। इन्होंने सभी पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट को फूलों की माला पहनाई। फिर अंगवस्त्र दिया और फूलों की वर्षा की। सम्मान पाकर पुलिसकर्मी गदगद नजर आए। सदस्यों के साथ आम जनता ने पुलिस वालों के सम्मान में तालियां बजाईं। कोरोना हारेगा, देश जीतेगा और मोतिहारी पुलिस जिंदाबाद के खूब नारे लगाए। सदस्यों ने पुलिस कर्मियों के साथ-साथ आम लोगों को हैंड सेनेटाइजर उपलब्ध कराया और मास्क भी बांटे।
संस्था के अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अपना शहर कोरोना से बड़ी लड़ाई लड़ रहा है। इस समय पुलिसकर्मी भगवान का रूप हैं। इन्हीं की वजह से आज हम सुरक्षित हैं। लाॅकडाउन में हम जहां घरों में रहते हैं, वहीं पुलिसकर्मी कोविड-19 से हमें बचाने के लिए सड़कों पर ड्यूटी दे रहे होते हैं। हमारी रक्षा के लिए वे अपनी जान की बाजी लगा देते हैं। उनकी जितनी भी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से रिटायर शिक्षक अमित सेन, संजय कुमार उर्फ टुन्ना, क्लिक पिक्चर्स के निदेशक ओम वर्मा, चैंबर आॅफ काॅमर्स के महासचिव सुधीर कुमार गुप्ता, भरत गुप्ता, शंभु गुप्ता, शिक्षक आलोक रंजन, विनय सर्राफ, विनोद जायसवाल, चंचल कुमार, अर्जुन कुमार, करण सिंह, नारायण राम, अधिवक्ता संजय कुमार, मुरली, समाजसेवी हरीश कुमार, सत्येंद्र नाथ वर्मा उर्फ कुंवर, विवेक कुमार वर्मा आदि ने भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here