मेरे पड़ोसी और कांग्रेस प्रखर प्रवक्ता राजीव त्यागी का हार्ट अटैक से निधन

0
697

परिवार के लोग उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में ले गए और राजीव त्यागी को बचाया नहीं जा सका। 50 साल की उम्र में राजीव त्यागी ने जीवन की अंतिम सांस ले ली। इस तरह से कांग्रेस पार्टी ने अपने नेता, कार्यकर्ता, होनहार प्रवक्ता को खो दिया

Roy Tapan Bharati/New Delhi, 12 Aug:
कांग्रेस प्रवक्ता और मेरे वसुंधरा सेक्टर 16 के निवासी राजीव त्यागी का आज शाम निधन हो गया। सौम्य स्वभाव के राजीव त्यागी की तबीयत अचानक खराब हो गई और यह खबर मेरे मोहल्ले में तेजी से बिजली की तरह चारों तरफ फैली। उन्हें गंभीर हालत में गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राजीव त्यागी कांग्रेस के तेज-तर्रार प्रवक्ता थे और टीवी चैनलों पर डिबेट में प्रभावशाली तरीके से पार्टी का पक्ष रखते थे। कुछ चैनलों में हम साथ साथ डिबेट में भाग लेते थे। जिन चैनलों में मैंने काम किया वहां मेरे बुलाने पर वे डिबेट में आ जाते थे। वसुंधरा में मेरे घर से महज 200 मीटर दूर रहते थे इसलिए उनसे मित्रवत संबंध था।
रिपोर्ट के मुताबिक राजीव त्यागी की तबीयत आज दिन भर ठीक थी। शाम को उन्हें आजतक पर टीवी डिबेट में शामिल होना था। खुद ट्वीट करके उन्होंने इसकी जानकारी भी थी। उन्होंने लिखा था कि आज शाम 5:00 बजे आज तक पर रहूंगा. शाम को 5 बजे वे आजतक पर टीवी डिबेट में शामिल भी हुए थे।
3.41 बजे राजीव त्यागी ने खुद ट्वीट कर बताया था कि वह शाम पांच बजे आज तक चैनल पर डिबेट में रहेंगे। इस डिबेट को रोहित सरदाना होस्ट करते हैं। भाजपा प्रवक्ता सांबित पात्रा भाजपा की तरफ से पक्ष रख रहे थे। डिबेट को देखने वाले के के शर्मा बताते हैं कि डिबेट काफी हॉट थी। राजीव त्यागी ने भी अपनी बात अपने अंदाज में ही रखी। डिबेट खत्म हुई, लेकिन उसके कुछ समय बाद राजीव त्यागी को हृदयाघात का दौरा पड़ा। परिवार के लोग उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में ले गए और राजीव त्यागी को बचाया नहीं जा सका। 50 साल की उम्र में राजीव त्यागी ने जीवन की अंतिम सांस ले ली। इस तरह से कांग्रेस पार्टी ने अपने नेता, कार्यकर्ता, होनहार प्रवक्ता को खो दिया।
कांग्रेस पार्टी और प्रियंका गांधी ने व्यक्त की शोक संवेदना
कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राजीव त्यागी के निधन को व्यक्तिगत दु:ख और अपूरणीय क्षति बताया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि राजीव त्यागी विचारधारा समर्पित योद्धा थे। समस्त यूपी कांग्रेस की ओर से परिवार को हृदय से संवेदना। ईश्वर उनके परिवार को यह दु:ख सहने की शक्ति दे। कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट करके कहा कि राजीव त्यागी के निधन से हम बहुत दु:खी हैं। राजीव त्यागी एक निष्ठावान कांग्रेसी और सच्चे देशभक्त थे। इस दु:ख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here